Breaking News

आपसी विवाद में पति ने पत्नी की हत्या की, दो बच्चों को छोड़ फरार

  • घर में खून से लथपथ महिला का शव मिलने की सूचना पर सनसनी फैल गई

धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र के गांधी नगर के हल्दी पट्टी में मंगलवार सुबह-सुबह एक घर में खून से लथपथ महिला का शव मिलने की सूचना पर सनसनी फैल गई। महिला के बच्चों के ट्यूशन पढ़ने नहीं आने पर मकान मालिक ने जाकर देखा तो कमरे में महिला का शव पड़ा था। पति और दो बच्चे गायब थे। इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक की जांच में पति देवेंद्र वर्मा द्वारा ही महिला की हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।

पत्नी 24 वर्षीय पिंकी देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी

गांधी रोड हल्दी पट्टी निवासी 30 वर्षीय देवेंद्र वर्मा ने घरेलू विवाद में सोमवार की देर रात घर में अपनी पत्नी 24 वर्षीय पिंकी देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या करने के बाद देवेंद्र घर से फरार हो गया। धनसार पुलिस व  मृतक पिंकी के परिजन झरिया से गांधी रोड पहुंचे। मृतक के दो बच्चे  6 वर्षीय साहिल  और 4 वर्षीय समीर रो-रोकर बेहाल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मृतका की मां रीता देवी और भाई अमन मौके पर पहुंचे।  धनसार पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देवेंद्र गांधी रोड निवासी गिरीश गुप्ता के मकान में रहता था। जोड़ाफाटक के अवधेश कुमार के मिक्चर फैक्ट्री में काम करता था।  7 साल पूर्व पिंकी से देवेंद्र की शादी हुई थी। मकान मालिक गिरीश ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। मृतक के दो बच्चे समीर और साहिल मेरे पास ट्यूशन पढ़ने आते थे। मंगलवार को ट्यूशन नहीं आने पर उसके घर गए। घर में  पिंकी का शव पड़ा मिला। इसकी जानकारी धनसार पुलिस और उसके मायके वालों को दी।

मृतका का पुत्र साहिल ने बताया कि पिता हमें देर रात घर से बाहर ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद सुबह 7 बजे घर आकर हम दोनों भाई को जोड़ाफाटक में रहने वाले रिश्तेदार सुजल के घर में छोड़ दिया। उससे कहा कि दोनों को इसके नानी घर झरिया पहुंचा देना। इसके बाद देवेन्द्र फरार हो गया। धनसार पुलिस देवेंद्र की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

Check Also

रामगढ़ के कोठार में इनोवा कार पर पलटा ट्रेलर,बाल बाल बचे कार सवार

🔊 Listen to this रामगढ़ । रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोठार फ्लाई ओवर मोड़ के …