Breaking News

राज्‍यपाल से मिले स्‍पीकर रवीन्द्रनाथ, नेता प्रतिपक्ष के मामले पर की बात

रांची। झारखंड के नेता प्रतिपक्ष मामले में राजभवन के बुलाने पर विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने रविवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल को बताया कि बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। इस पर महाधिवक्ता से राय भी मांगी गई है। महाधिवक्ता की राय मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। राजभवन से बाहर आने के बाद स्‍पीकर ने मीडिया से भी बात की। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाए जाने के मसले पर विधानसभा अध्यक्ष ने आज रविवार को राज्यपाल से मुलाकात की। राज्यपाल ने उन्हें नोटिस भेजा था। इसके बाद घटनाक्रम तेजी से बदला। इस बीच, कांग्रेस ने पूरे मसले पर राजनीति करने का आरोप भाजपा पर लगाया है और यह भी कहा है कि पूरे मसले पर पार्टी राज्यपाल को गुमराह भी कर रही है।

भाजपा नेताओं ने लगाई थी गुहार

इससे पहले भाजपा के नेता राज्यपाल से मिले थे और उन्हें जानकारी दी थी कि चुनाव आयोग से भाजपा विधायक के रूप में बाबूलाल मरांडी को मान्यता दिए जाने के बाद भी झारखंड विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता नहीं दे रहे हैं। भाजपा के आरोपों पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने विधानसभा अध्यक्ष को समन किया था।भाजपा पर गलत राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि पिछली विधानसभा में झाविमो के आठ में से छह विधायक भाजपा में चले गए थे, लेकिन उन्हें मान्यता देने में साढ़े चार साल का वक्त लगा, जबकि उस समय सरकार भी भाजपा की थी और विधानसभा अध्यक्ष भी उन्हीं के बीच से थे। जब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुईं तब तक इन विधायकों को मान्यता नहीं मिली।

भाजपा अपने शासनकाल में जो फैसला साढ़े चार में नहीं ले सकी, उसी तरह का फैसला अब छह महीने में कैसे लिया जा सकता है। ठाकुर ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को विधानसभा में भाजपा की सदस्यता अभी तक नहीं मिली है तो फिर किस आधार पर इन्हें अभी नेता प्रतिपक्ष माना जा सकता है। भाजपा के पास नीलकंठ सिंह मुंडा, सीपी सिंह जैसे सीनियर नेता हैं जिन्हें जब चाहे नेता प्रतिपक्ष बनाने की शुरुआत पार्टी कर सकती है और निश्चित तौर पर इसमें कोई बाधा नहीं होगी।

Check Also

पारंपरिक कौशल से समृद्ध है झारखंड, इसे प्रोत्साहित करने की जरूरत

🔊 Listen to this रांची में राज्य स्तरीय कौशल महोत्सव के आयोजन पर विचार करें …