Breaking News

रांची की सब्जियों का विदेशी भी लेंगे जायका, कृषि मंत्री ने पहली वैन को दिखाई हरि झंडी

रांची। झारखंड की सब्जियों का जायका अब दुबई के लोग भ ले सकेंगे। पहली बार झारखंड में उत्पादित हरी सब्जियों का निर्यात शुरू किया गया है, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने सब्जियों से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर कोलकाता एयरपोर्ट के लिए रवाना किया। नगड़ी के किसानों ने इन सब्जियों का उत्पादन किया है।

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि लॉकडाउन के समय जब वे किसानों की समस्या से रूबरू हए तो उन्हें पता चला कि उनके मेहनत का सम्मान नहीं मिलता है। जिसके बाद उन्होंने यह प्रयास किया कि कैसे सुगमता से किसानों को बाजार मिल सके और उनके उत्पादों का सही मूल्य मिले। उन्होंने कहा कि कृषि निर्यात नीति पर झारखंड सरकार काम कर रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी से बात कर रांची एयरपोर्ट से कार्गो की व्यवस्था करते हुए विदेशों में सब्जी का निर्यात किया जाएगा।

वहीं, बाजार समिति रांची के विपणन सचिव अभिषेक आनंद ने कहा कि यहां के किसान जो सब्जी का उत्पादन कर रहे हैं वो हमारे संपर्क में थे। जमशेदपुर की एक कंपनी ऑल सीजंस फॉर्म से संपर्क कर आज सब्जी के निर्यात की व्यवस्था शुरू की गई है। वहीं ऑल सीजन फार्म फ्रेश के प्रोपराइटर ने कहा कि इससे पहले भी भिंडी का निर्यात दुबई में किया गया था। रांची और इसके आसपास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सब्जियों की खेती होती है। किसानों को बाजार नहीं मिलने के कारण उत्पादों की सही कीमत नहीं मिलती है ऐसे में निर्यात किए गए सब्जियों से किसानों की उम्मीद बंधी है कि उनके उत्पाद का उन्हें सही दाम मिलेगा और मुनाफा भी होगा।

Check Also

पारंपरिक कौशल से समृद्ध है झारखंड, इसे प्रोत्साहित करने की जरूरत

🔊 Listen to this रांची में राज्य स्तरीय कौशल महोत्सव के आयोजन पर विचार करें …