Breaking News

बड़कागांव से कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद आईकॉन और सुदेश महतो चुने गए विशिष्ट विधायक

फेम इंडिया-एशिया पोस्ट सर्वे

फेम इंडिया-एशिया पोस्ट ने देशभर के विधायकों पर सर्वे कराया है। इसमें चुने गए 50 विधायकों में झारखंड के दो विधायक शामिल हैं। सिल्ली के सुदेश महतो को विशिष्ट और बड़कागांव की अंबा प्रसाद को आईकॉन विधायक चुना गया है।देशभर में फिलहाल 4123 विधायकों की क्षमता है। इस वक्त विभिन्न कारणों से 165 विधायकों की सीटें रिक्त पड़ी हैं। यानी, एजेंसी ने 3958 विधायकों पर सर्वे किया है। विधायकों का चयन 50 कैटेगरी में किया गया। इसमें सुदेश महतो और अंबा प्रसाद को जगह मिली। इस सर्वे से मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों को बाहर रखा गया है।

ऐसे किया गया सर्वे
सर्वे मुख्यतः तीन तरीके से किया गया। इसमें स्टेक होल्ड, ऑनलाइन और डाटा एनालिसिस प्रमुख हैं। ऑनलाइन सर्वे में कुल 1500 विधायकों का नाम सामने आया। इन नामों को स्टेक होल्ड सर्वे में डाला गया और 150 विधायकों को आखिरी राउंड के लिए चुना गया। सभी नामों को डाटा एनालिसिस के जरिये एक लिस्ट में डाला गया, जहां उनके कार्यों का लेखा-जोखा, उनके द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों, विधेयकों और उनकी बहस में भागीदारी का अध्ययन किया गया। इसके बाद 50 प्रमुख उम्दा विधायकों की सूची तैयार हुई।

सर्वे का आधार
सर्वे में विधायकों का चयन उनकी लोकप्रियता, कार्यशैली, प्रतिबद्धता, सामाजिक सरोकार, प्रभाव, जनता से जुड़ाव, जनहित के कार्य, छवि के साथ ही शून्यकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, प्रस्तुत विधेयक, बहस, विधानसभा में उपस्थिति, विधायक निधि के खर्च आदि के विश्लेषणात्मक रिपोर्ट के परिणामों को शामिल कर किया गया। विधानसभा से उपलब्ध डाटा, लोगों की राय, मीडिया रिपोर्ट, सोशल मीडिया एक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों की राय सर्वे में शामिल किया गया।

बता दें कि अंबा प्रसाद के पिता योगेंद्र साव झारखंड में कृषि मंत्री रह चुके हैं तथा इनकी मां निर्मला देवी बड़कागांव से विधायक रह चुकी हैं। झारखंड विधान सभा चुनाव 2019 में अंबा प्रसाद ने बड़कागांव विधानसभा से रिकॉर्ड वोटों से जीत हासिल की थी। फेम इंडिया 50 में शामिल किए जाने पर बड़कागांव के कांग्रेसियों ने खुशी जाहिर किया एवं बधाई दिया। विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि यह सम्मान मेरी ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड की जनता की सम्मान है।

26 साल की उम्र में विधायक बने थे सुदेश महतो
आजसू प्रमुख सुदेश महतो सिल्ली विधानसभा सीट से विधायक हैं। सुदेश महतो पहली बार साल 2000 में (अविभाजित बिहार के विधानसभा चुनाव में) महज 26 साल की उम्र में सिल्ली से विधायक बने थे। 2005 और 2009 में सुदेश ने फिर से सिल्ली सीट पर जीत दर्ज की। 2014 के लोकसभा चुनाव में रांची लोकसभा सीट से भाग्य आजमाया लेकिन उन्हें हार मिली। इसके बाद 2014 के ही विधानसभा चुनाव में उन्हें हार मिली। इसी सीट पर हुए विधानसभा उपचुनाव में भी वे हार गए। अर्जुन मुंडा की सरकार में सुदेश महतो उपमुख्यमंत्री रहे थे।

Check Also

पारंपरिक कौशल से समृद्ध है झारखंड, इसे प्रोत्साहित करने की जरूरत

🔊 Listen to this रांची में राज्य स्तरीय कौशल महोत्सव के आयोजन पर विचार करें …