Breaking News

24 घंटे के दौरान कोरोना के रिकॉर्ड 78,761 नए मामले सामने आए, 948 लोगों की मौत

  • अब तक एक दिन में कोरोना के इतने मामले किसी देश में सामने नहीं आए

नई दिल्ली। भारत में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस  के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की तरफ से रविवार (30 अगस्त 2020) सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 78 हजार 761 मामले सामने आए हैं और 948 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 64 हजार 935 मरीज ठीक हुए। लगातार चौथे दिन देश में 75 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं।  अब तक एक दिन में कोरोना के इतने मामले किसी देश में सामने नहीं आए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमेरिका के नाम था। यहां 16 जुलाई को एक दिन में दुनियाभर में सर्वाधिक 77 हजार 299 मामले सामने आए थे। अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं।

संक्रमितों का आंकड़ा 35 लाख को पार

हालांकि, इस दौरान रिकॉर्ड टेस्टिंग भी हुई है। बीते 24 घंटे में 10 लाख 55 हजार 027 सैंपल टेस्ट हुए हैं। इस तरह से संक्रमितों का आंकड़ा 35 लाख को पार कर गया है और 63 हजार से ज्यादा लोगों की जान भी जा चुकी है। देश में अब तक कुल 35 लाख 42 हजार 734 मामले सामने आ गए हैं। सात लाख 65 हजार 302 एक्टिव केस है। 27 लाख 13 हजार 934 मरीज ठीक हो गए हैं और 63 हजार 498 लोगों की मौत हो गई है। रिकवरी रेट 76.61 फीसद और डेथ रेट 1.79 फीसद है।

नमूनों की जांच के मामले में भारत लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में बेहद अहम हथियार माने जा रहे नमूनों की जांच के मामले में भारत लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रतिदिन 10 लाख नमूनों की जांच के लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ते हुए देश में कुल अब तक चार करोड़ 14 लाख 61 हजार 636 सैंपल टेस्ट हुए हैं। जांच, संपर्को की तलाश और उपचार पर जोर देने से मरीज तेजी के साथ स्वस्थ हो रहे हैं वहीं, गंभीर रोगियों की संख्या में भी भारी कमी आ रही है।

महाराष्ट्र में टूटा अब तक रिकॉर्ड 

महाराष्ट्र में नए मामलों में अब तक रिकॉर्ड टूट गया है। राज्य में 16,867 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमितों की संख्या सात लाख 64 हजार से अधिक हो गई है। वहीं मरने वालों की संख्या 24 हजार के पार हो गई है। आंध्र प्रदेश में 10,548 नए केस मिले हैं और कुल मरीज 4,14,164 हो गए हैं। राज्य में शनिवार को लगातार चौथे दिन 10 हजार से अधिक नए मामले सामने आए। यहां 97 हजार से ज्यादा एक्टिव केस है और लगभग 3800 लोगों की मौत हो गई है।

Check Also

बाइक से गिरकर दो बाइक सवार बुरी तरह से हुए घायल

🔊 Listen to this भुरकुंडा(रामगढ़)l रिभर साइड दोमुहान पुल समीप एक बाइक में दो लोग …