सेंट्रल सौंदा आवास के समीप देर रात की घटना
बाइक पर आये तीन अपराधियों ने पांच गोली मारी
पुलिस हत्या के बारे में कर रही जांच पड़ताल: एसपी
भुरकुंडा (रामगढ़) : भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सेंट्रल सौंदा में सोमवार की देर रात सीसीएलकर्मी अमित बक्शी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात 12 बजे अमित बक्शी अपने बाइक पर जागरण कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। इस दौरान घर से कुछ दूरी पर एक अपाची बाइक पर आये तीन अपराधियों ने उनकी बाइक को धक्का देकर उन्हें गिरा दिया। फिर ताबड़तोड़ पांच गोलियां मारकर भाग निकले। आननफानन में घायल अमित बक्शी को रामगढ़ के होप अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि रांची के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान अमित बक्शी का निधन हो गया। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गयी है। अमित बक्शी के घर में लगे सीसीटीवी की डीवीआर मशीन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अमित बक्शी का क्षेत्र के आपराधिक गिरोह के साथ गहरा संबंध भी बताया जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक दिन पूर्व एक स्थानीय अपराधी ने अमित बक्शी के घर में जाकर मुलाकात भी की थी।
पुलिस घटना की कर रही छानबीन : एसपी
रामगढ़ एसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि सेंट्रल सौंदा में एक 40 वर्षीय व्यक्ति को गोली मारी गयी है। इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। पुलिस घटना के संबंध में गंभीरता से अनुसंधान कर रही है।