भुरकुंडा में अंधाधुध चल रहे वाहन, खतरे का संकेत
भुरकुंडा (रामगढ़) : क्षेत्र मेें बेतरतीब ढंग से चलते बड़े वाहन आम लोगों के लिए बड़े खतरे का सबब बन सकते हैं। बेलगाम रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाकर अब वाहन दौड़ाये जा रहे हैं। बुधवार की रात 9 :30 के लगभग एक बस ने मतकमा चौक स्थित गोलंबर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना जबरदस्त था कि समूचा गोलंबर अपनी जगह से कई फिट अलग खिसक गया। सिमेंट के मजबूत गोलंबर की जगह कोई वाहन, आदमी या मवेशी होता तो ऐसे में स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस क्षेेत्र के निजी और नामचीन कंपनी की शिफ्ट बस है। जिसपर कंपनी के कर्मचारी बैठे हुए थे। भदानीनगर की ओर से बस मतकमा चौक की ओर आ रही थी। जहां पूरी रफ्तार में बस ने सीधे गोलंबर को टक्कर मार दी। घटना में बस में बैठे कुछेक कर्मियों को चोट भी लगी है। जिन्हें कंपनी के एंबुलेंस से ले जाया गया है। बस को भी क्षति पहुंची है। घटना के बाद आननफानन में बस कहां लेे जाया गया है। इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। खबर लिखे जाने तक पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंच सकी है।