- घटना विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोज मोड़ के पास की है
- हाथी बनासो भी पहुंचा और तीन घरों की दीवार को तोड़ दिया
विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोज मोड़ में मंगलवार की सुबह एक हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला। महिला अपने घर के बाहर मवेशी को बांध रही थी और इसी बीच गांव में घुसे हाथी ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, परिजनों व ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है।
दरअसल, पिछले दो दिनों से इस क्षेत्र में एक हाथी विचरण कर रहा है। आज सरयू साव की 50 वर्षीय पत्नी रोहिणी देवी अहले सुबह करीब 4 बजे घर से बाहर निकली और मवेशी को बांध रही थी। इसी बीच हाथी उसके सामने आया और महिला को सूढ़ से लपेट जमीन पर पटक दिया। इसके बाद पैरों से कुचल हाथी वहां से आगे चला गया।
महिला की चीख सुन परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने रोहिणी देवी का मृत घोषित कर दिया। इधर, हाथी बनासो पहुंचा और तीन घरों की दीवार को तोड़ दिया। खेत में लगी धान की फसल को भी बर्बाद कर दिया। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है।