Breaking News

दीपक प्रकाश ने कहा- जिन्होंने खेती नहीं देखी, जिनके परिवार के दामाद ने जमीनें लूटीं, वे किसानों के लिए घड़ियाली आंसू बहा रहे

  • राज्यसभा सांसद सह झारखंड भाजपा के अध्यक्ष हैं दीपक प्रकाश
  • रांची महानगर और ग्रामीण किसानों को कृषि बिल के फायदे बताए

झारखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कांग्रेस पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा- कांग्रेस के बड़े नेता, जिन्होंने आज तक खेती नहीं की, जिनके परिवार के दामाद ने हरियाणा में किसानों की जमीनें लूटीं, वे आज किसानों के लिए घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष शनिवार को रांची महानगर और ग्रामीण इलाके के किसानों की संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों को तीनों कृषि बिल के फायदे भी गिनाए।

दीपक प्रकाश ने कहा- मोदी सरकार तीन नए कानून लेकर आई है। आजादी के समय किसान जितना फसल उत्पादन करता था, उसकी तुलना में आज 100 गुना ज्यादा फसल का उत्पादन कर रहा है। किसानों ने मेहनत के बल पर उत्पादन तो बढ़ाया लेकिन उसके अनुपात में किसानों की आय नहीं बढ़ी। किसानों के इस दर्द को भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समझा। उन्होंने सोचा कि आखिर किस तरह किसानों की आय को बढ़ाया जाए। इसीलिए नरेंद्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा। इसके लिए मोदी सरकार ने पहले किसानों की आय में बाधा बन रहे दिक्कतों को खोजा। इसके बाद पिछले महीने तीन बिल लाए गए।

कहा- किसानों के पास खुला बाजार, कहीं भी बेच सकते हैं फसल
दीपक प्रकाश ने कहा कि किसानों के पास खुला बाजार होगा तो किसान अपनी फसल को कहीं भी अधिकार से बेच सकते हैं। इससे पहले किसान को अपनी फसल मंडियों में बेचनी पड़ती थी, जहां बिचौलियों और दलालों की सरकार चलती थी। दलालों और बिचौलियों की सरकार को हटाने का काम मोदी सरकार ने किया है। दीपक प्रकाश ने कहा कि लंबे समय तक देश में कांग्रेस की सरकार रही। जब देश में अटलजी की सरकार बनी और राजनाथ सिंह कृषि मंत्री बने तो स्वामीनाथन आयोग का गठन किया गया। किसानों के हित और उनके आय को कैसे बढ़ाया जाए, इस संबंध में आयोग की रिपोर्ट में कहा गया था। थोड़े दिनों बाद अटलजी की सरकार चली गई और फिर कांग्रेस की सरकार आई। लेकिन स्वामी नाथन आयोग के रिपोर्ट को लागू नहीं किया गया। क्योंकि कांग्रेस की नीति और नीयत किसानों के प्रति ठीक नहीं थी।

जब मोदी सरकार आई तो न्यूनतम समर्थन मूल्य को लागू कराया गया। इसमें किसानों की लागत का डेढ़ गुना मूल्य उन्हें दिया गया। किसानों के हित के लिए कांग्रेस ने एमएसपी क्यों नहीं लागू किया था? क्योंकि सोनिया परिवार को दामाद ने हरियाणा में किसानों का जमीन छीनने का काम किया था। दोनों हाथों से जमीन लूटने का काम किया। आज जब उसका परिवार किसानों के बारे में बोलता है तो किसानों को ही शर्म आती है।

समर्थन मूल्य पहले भी था, आज भी है और आगे भी जारी रहेगा

दीपक प्रकाश ने कहा कि समर्थन मूल्य पहले भी था, आज भी है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि देश में जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है वहां किसानों को यूरिया नहीं मिल रहा है। यूरिया की सप्लाई नहीं हो पा रही है। कई राज्यों में पुलिस के द्वारा लाठीचार्ज किया जा रहा है तो कई राज्यों में आंसू गैस के गोले छोड़ जा रहे हैं। इन सभी जगहों पर या तो कांग्रेस की सरकार है या फिर कांग्रेस समर्थित सरकार है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड की बात की जाए तो पूर्व की रघुवर सरकार में यूरिया की कीमत 268 रुपए थी। आज हेमंत सोरेन की सरकार है। यूरिया की कीमत भी 268 रुपए ही है लेकिन किसानों को ये 550 से लेकर 700 रुपए तक में मिल रहा है। जिन्हें 550 रुपए में मिल रहा है सोचता है कि मैं खुशनसीब हूं और जिन्हें 700 रुपए में मिलता है वो सोचता है कि चलो मिल तो गया। जब कांग्रेस समर्थित सरकार होती है तो ऐसा ही होता है। आज कांग्रेस और उनके समर्थित सरकार के मंत्री घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

Check Also

प्रचार के अंतिम दौर में बीजेपी प्रत्याशी मनीष जायसवाल ने झोंकी ताकत

🔊 Listen to this पदयात्रा और टोटो से मतदाताओं से किया अपील कहा 20 मई …