Breaking News

तालिबान के कब्जे से मुक्त होकर घर पहुंचे दो मजदूर, 27 माह से थे बंधक

गिरिडीह। करीब दो वर्ष पूर्व अफगानिस्तान में अपहृत हुए बगोदर के दो प्रवासी मजदूर माहुरी के हुलास महतो और घाघरा के प्रसादी महतो सकुशल घर लौट आए हैं। करम पर्व के एक दिन पहले दोनों की घर वापसी होने से परिजनों में खुशी है। पूरे गांव में उत्सव-सा माहौल है। दोनों की सकुशल वापसी के लिए भारत सरकार की तरफ एक साल से ज्यादा समय से प्रयास चल रहा था। अमेरिका, अफगानिस्तान और तालिबान के बीच समझौते के बाद यह रिहाई हुई है।

एक कमरे में बंद कर रखा था

प्रसादी महतो ने बताया कि तालिबानियों ने उन लोगों को वहां पर एक कमरे में बंद कर रखा था। खाना-पीना समय-समय पर मिलता था, लेकिन परिवार वालों से फोन पर बात नहीं करने दिया जाता था। दहशत व खौफ के बीच 27 माह का लंबा समय गुजरा। विश्वास ही नहीं होता था कि जिंदा दोनों घर लौट पाएंगे। अमेरिका व तालिबानियों के बीच चल रहे समझौता वार्ता की जब जानकारी हुई तो, वापसी की संभावना दिखने लगी। आज वे बहुत खुश है। उसने वतन वापसी कराने के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया है।

बेटे को देखा तो खुश होकर सीने से लगा लिया

तालिबानियों के कब्जे से मुक्त होकर प्रसादी महतो व हुलास महतो शुक्रवार की शाम रांची एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां से बाहर निकलते ही जब दोनों ने अपनी-अपनी पत्नियों को देखा, तो वे अपने आंसू नहीं रोक पाए। प्रसादी की पत्नी मूलिया देवी व हुलास की पत्नी  प्रमीला देवी भी अपने-अपने पति से लिपट कर रोने लगीं। हुलास के भाई निर्मल महतो ने बताया कि वहां जो भी मौजूद था, यह देख भावुक हो उठा। मूलिया व प्रमीला को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि आंतकवादियों के कब्जे से उनके पति सकुशल वापस लौट आए हैं। रांची में मेडिकल जांच के बाद प्रसादी व हुलास अपनी-अपनी पत्नियों के साथ शुक्रवार की रात अपने-अपने घर पहुंचे। पूरे गांव के लोगों ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया। हुलास के माता-पिता ने जब अपने सामने अपने बेटे को देखा तो खुश होकर सीने से लगा लिया। दोनों से मिलने के लिए शनिवार की सुबह से ही लोगों का ताता लगा रहा। प्रवासी मजदूरों के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली भी दोनों से मिले।

Check Also

BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने की बाबाधाम में पूजा, हेमंत सरकार पर साधा निशाना

🔊 Listen to this मौके पर पूर्व श्रम नियोजन मंत्री राज पालिवार और बीजेपी के …