Breaking News

पार्टी ने सोनिया के इस्‍तीफे की खबरों को किया खारिज

कांग्रेस में लेटर बम पर घमासान, राहुल के पक्ष में उठी आवाजें 

नई दिल्‍ली । कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर सोनिया गांधी का कार्यकाल खत्म हो चुका है। इसे देखते हुए कांग्रेस में बदलाव की मांग उठने लगी है। इस बारे में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों, पार्टी सांसदों और पूर्व मंत्रियों समेत पार्टी के शीर्ष 23 नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि पार्टी को संचालित करने के लिए प्रभावी केंद्रीय नेतृत्व की दरकार है। इस बीच कांग्रेस के दिग्‍गजों के अलग अलग बयान सामने आए हैं। कुछ नेता सोनिया के नेतृत्‍व से संतुष्‍ट हैं तो कुछ ने राहुल को दोबारा अध्‍यक्ष पद देने की गुहार लगाई है। इस बीच कांग्रेस ने सोनिया गांधी के इस्‍तीफा देने का मन बनाने की खबरों को खारिज कर दिया है। कांग्रेस के आधिकारिक प्रवक्‍ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि सोनिया गांधी के अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की खबरें झूठी हैं।

शिवराज बोले, कांग्रेस नेताओं को नहीं रहा सोनिया पर यकीन 

कांग्रेस में मौजूदा नेतृत्‍व पर सवाल उठाने वाले नेताओं की चिट्ठी पर भाजपा नेता एवं मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुटकी ली है। शिवराज ने कांग्रेस के भीतर जारी सियासी घमासान पर तंज कसते हुए कहा है कि कांग्रेस अब दुर्गति को प्राप्त हो रही है, नेतृत्व पर विश्वास नहीं रहा। कांग्रेस के नेताओं ने ही मौजूदा नेतृत्व पर सवाल उठा दिए हैं। कई नेताओं ने चिट्ठियां लिखी हैं। कांग्रेस के ऊपर आज अस्तित्व का संकट है। कोई नेतृत्व नहीं है जो है उसपर भरोसा और विश्वास नहीं है। वो दिशा नहीं दे पा रहा, वो फैसले नहीं कर पा रहा है। एक नेता (राहुल गांधी) जो अपने आप को युवा नेता कहते थे वो पहले ही अध्यक्ष पद छोड़कर भाग चुके हैं।

बघेल ने राहुल तो अमरिंदर ने गांधी परिवार के पक्ष में बुलंद की आवाज 

छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनसे पार्टी के अध्‍यक्ष पद को संभालने की गुजारिश की है। वहीं पंजाब के मुख्‍यमंत्री अमरिंदर स‍िंह ने कांग्रेस में गांधी परिवार के नेतृत्व को चुनौती देने वाले नेताओं का विरोध करते हुए कहा है कि यह इस तरह का मसला उठाने का यह समय नहीं है। गांधी परिवार इस भूमिका के लिए बिल्कुल उपयुक्त है। सोनिया गांधी जब तक चाहती हैं उन्हें कांग्रेस का नेतृत्व करना चाहिए। कांग्रेस को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो केवल कुछ लोगों के लिए नहीं बल्कि समूची पार्टी, समस्त कार्यकर्ताओं और देश के लिए स्वीकार्य हो।

गहलोत बोले, सोनिया जी करती रहें नेतृत्‍व 

राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि 23 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखने की खबर अविश्वसनीय है। यदि यह सच है तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मीडिया में जाने की कोई जरूरत नहीं थी। मेरा मानना है कि सोनिया जी को इस महत्वपूर्ण मोड़ पर पार्टी का नेतृत्व करते रहना चाहिए। जहां लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है। सोनिया जी ने हमेशा इन चुनौतियों का सामना किया है। लेकिन यदि उन्‍होंने अध्‍यक्ष पद छोड़ने के लिए अपना मन बना लिया है तो मेरा मानना है कि राहुल गांधी को आगे आना चाहिए और कांग्रेस का अध्यक्ष बनना चाहिए।

Check Also

झारखंड प्रगतिशील वर्कर्स का प्रतिनिधि मंडल रांची नगर निगम के आयुक्त से मिला,सोपा ज्ञापन

🔊 Listen to this रांचीlझारखंड प्रगतिशील वर्कर्स यूनियन के बैनर तले रांची नगर निगम के …